पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से हेड कांस्टेबलों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

0
15

 

जनपद हाथरस में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार में जिले के सभी थानों पर तैनात हेड मोहर्ररों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थानों के अभिलेखों के रख-रखाव, अपराध संबंधी रजिस्टरों के अद्यावधिककरण, मालखानों में रखे मालों के शीघ्र निस्तारण तथा अभियुक्तों के गिरफ्तारी और तलाशी मेमो की प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों को समय-समय पर जांचकर पूरी तरह अद्यावधिक रखा जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही मालखानों में लंबित मालों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और न्यायालय से संबंधित कार्यवाही समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाए।

बैठक में अपराध रजिस्टर, गिरफ्तारी संबंधी अभिलेख, विवेचना दस्तावेज तथा अन्य आवश्यक रजिस्टरों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों में प्रविष्टियां समयानुसार और स्पष्ट रूप से दर्ज की जाएं। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी हेड मोहर्ररों को निर्देशित किया कि किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी के समय निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पूर्ण पालन किया जाए। प्रत्येक आरोपी का तलाशी मेमो एवं गिरफ्तारी मेमो अनिवार्य रूप से तैयार किया जाए तथा गिरफ्तारी संबंधी समस्त कार्यवाही का सही और पूर्ण रिकॉर्ड रखा जाए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गिरफ्तारी एवं अन्य पुलिस कार्यवाहियों में पारदर्शिता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। सभी पुलिसकर्मी विधिक प्रावधानों एवं न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कार्य करें तथा मुकदमों, विवेचनाओं, गिरफ्तारी और अन्य पुलिस कार्यवाहियों से संबंधित दस्तावेजों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संरक्षित रखें।

बैठक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के बेहतर रख-रखाव, लंबित मालों के त्वरित निस्तारण तथा कानूनी प्रक्रियाओं के शत-प्रतिशत अनुपालन पर विशेष जोर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here