अस्पताल निर्माण में हादसे के बाद प्रबंधन पर लगा मदद से इनकार करने का आरोप, पीड़ित मजदूर की हालत गंभीर

0
11

 

हाथरस। जिले के सासनी थाना क्षेत्र में एवीजी अस्पताल के निर्माण कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया है, जहां काम करते समय एक मजदूर 12 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में मजदूर के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार बेहद सदमे में है और उसने अस्पताल प्रबंधन के अमानवीय व्यवहार के खिलाफ न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित मजदूर की पत्नी संगीता ने बताया कि उनके पति डालचंद को अस्पताल में काम करने वाले जितेंद्र ने प्लंबिंग के कार्य के लिए बुलाया था। निर्माण स्थल पर काम के दौरान अचानक पाइप टूटने या पैर फिसलने से डालचंद 12 फीट की ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरे।

संगीता का आरोप है कि जब उन्होंने गंभीर रूप से घायल पति के इलाज के लिए अस्पताल प्रबंधन से मदद की गुहार लगाई, तो प्रबंधन ने न केवल सहयोग करने से मना कर दिया, बल्कि उन्हें अस्पताल से धक्का देकर बाहर निकाल दिया।

डालचंद की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है और चिकित्सकों ने उनके सिर और हाथ का तत्काल ऑपरेशन करने की सलाह दी है। बेहद गरीब और मजदूरी कर परिवार चलाने वाले पीड़ित पक्ष ने अब पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here