झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से महिला की मौत,गलत उपचार का आरोप,

0
33

 

हाथरस जनपद के हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र से एक बार फिर झोलाछाप डॉक्टरों के इलाज पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही और गलत इलाज करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतका की पहचान 52 वर्षीय पुष्पा देवी, पत्नी निवासी गांव रामपुर, थाना हाथरस जंक्शन के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि महिला का इलाज क्षेत्र के एक झोलाछाप डॉक्टर अशोक द्वारा मात्र सर्दी खांसी की शिकायत पर किया गया था। इलाज के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर के गलत उपचार की वजह से यह घटना हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही हाथरस जंक्शन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।वहीं मृतका के परिजनों ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद आरोपी झोलाछाप डॉक्टर अशोक को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी डॉक्टर लंबे समय से बिना वैध डिग्री और अनुमति के इलाज कर रहा था। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी उसके इलाज के दौरान एक दो मरीज की मौत हो चुकी है, लेकिन संबंधित विभागों और प्रशासन की लापरवाही तथा भ्रष्ट व्यवस्था के कारण उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

अब इस घटना के बाद एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और क्षेत्र में संचालित झोलाछाप डॉक्टरों पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here