हाथरस। थाना सादाबाद क्षेत्र अंतर्गत आगरा–अलीगढ़ राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा किसान की मौत हो गई। सादाबाद कस्बे में भारत पेट्रोल पंप के सामने एक अज्ञात वाहन ने सब्जी मंडी जा रहे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में टेंपो सवार 32 वर्षीय पंकज कुमार पुत्र राज नारायण सिंह, निवासी ग्राम रसगवां, थाना सहपऊ की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि पंकज अपने गांव से हरी मिर्च बेचने के लिए टेंपो में सवार होकर सादाबाद सब्जी मंडी आ रहा था। इसी दौरान सादाबाद चौराहे के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर ने टेंपो में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।







