हाथरस। सड़क हादसे में घायल हुए शहर के प्रसिद्ध टेंट कारोबारी राकेश सक्सेना उर्फ काके 45 वर्षीय की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके निधन से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि व्यापारियों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली सदर क्षेत्र की राधा वाटिका निवासी राकेश सक्सेना बीते 27 जूनको मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लगे टेंट का कार्य देखने जा रहे थे। इसी दौरान मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर सलेमपुर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका अलीगढ़ में इलाज चल रहा था। घर लौटने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राकेश सक्सेना हाथरस के प्रमुख टेंट कारोबारियों में शामिल थे। उनका कारोबार आसपास के कई जिलों तक फैला था और वे कई बड़े धार्मिक, राजनीतिक व वीआईपी कार्यक्रमों के साथ-साथ श्री दाऊजी महाराज मेले में भी टेंट ठेकेदार रह चुके थे।










