हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के बहुचर्चित बुलगढ़ी गांव में धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करते समय ट्रैक्टर में फंसकर 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर स्वामी मौके से फरार हो गया। मृतक के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतक शनि के पिता संतोष ने गांव के ही बनी सिंह के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक 19 वर्षीय शनि वाल्मीकि समाज से था, जबकि जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया गया है वह ठाकुर समाज से है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। उधर, परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव लेने से इनकार कर दिया।
पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने-बुझाने के बाद पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई गई और शव अंतिम संस्कार के लिए गांव भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










