कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम अतुल वत्स ने एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ मथुरा-बरेली राजमार्ग पर स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0
10

 

हाथरस।श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को लेकर हाथरस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंह के साथ मथुरा-बरेली राजमार्ग पर हाथरस से सिकन्द्राराऊ तक कांवड़ यात्रा मार्ग और विभिन्न शिविरों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हाथरस से सलेमपुर चौकी तक पूरे कांवड़ मार्ग का भ्रमण किया और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने सभी शिविरों में रोस्टर के अनुसार तैनात प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति का सत्यापन किया, जहां सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मौजूद मिले।

जिलाधिकारी ने शिविरों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। दवाओं की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट की जांच की गई, जिसमें सभी दवाएं मानक के अनुरूप पाई गईं। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाए और जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था हर समय बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान शिविरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी गई। सभी कैमरों को कंट्रोल रूम से ऑनलाइन मॉनिटरिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है, जिससे वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की निगरानी कर सकेंगे।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से कार्य करें, ताकि कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here