जनपद हाथरस के थाना सादाबाद पुलिस द्वारा दो पहिया वाहन चोरी व लूट की घटनाओं में शामिल एक सक्रिय गैंग का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने इस गैंग के 05 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे व निशादेही से चोरी के कुल 08 दो पहिया वाहन तथा 02 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
यह कार्यवाही दिनांक 23 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेशानुसार चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के अंतर्गत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में थाना सादाबाद पुलिस ने रात्रि चेकिंग व गश्त के दौरान विधिपुर बंबा पुलिया तथा कस्बा बिसावर स्थित पशु पैठ बाजार ग्राउंड से अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
बरामद वाहनों में स्प्लेंडर, अपाचे, बजाज पल्सर, प्लेटिना मोटरसाइकिल व दो स्कूटी शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ये वाहन हाथरस, मथुरा, आगरा एवं आसपास के जनपदों से चोरी किए थे और इन्हें बेचने के उद्देश्य से एकत्र किया गया था।
बरामद वाहनों में से कुछ आगरा व मथुरा जनपद के विभिन्न थानों से चोरी की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य की जानकारी की जा रही है। इस संबंध में थाना सादाबाद में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।







