हाथरस। आज हाथरस रोडवेज बस स्टैंड परिसर में चालक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान रोडवेज के उन चुनिंदा चालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जो लंबे समय से दुर्घटना-रहित वाहन संचालन करते हुए ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सुरक्षित यात्रा के लिए चालक की भूमिका सबसे अहम होती है। सम्मानित किए गए चालकों ने सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पूर्ण पालन, यात्रियों की सुरक्षा और समयबद्ध सेवा को हमेशा प्राथमिकता दी है, जो अन्य चालकों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर सभी उपस्थित चालकों और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदार वाहन संचालन की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने अपील की कि सभी चालक संयम, सतर्कता और नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
कार्यक्रम का उद्देश्य चालकों में सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके उत्कृष्ट कार्यों को सम्मान देकर प्रोत्साहित करना रहा।







