सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव नगला जलाल स्थित टिकरी खुर्द रोड पर श्री राधाजी वेंकट हॉल में “सशक्त बेटी, सुंदर समाज” कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी उदय पुंढीर के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें शिक्षा व सामाजिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद आयोजित डिबेट प्रतियोगिता में क्षेत्र की सैकड़ों बेटियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और विचारों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक प्रमुख जगदीश, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण जय सिंह पुंढीर, अपर निदेशक अमरपाल सिंह लोधी और विभाग प्रचारक आरएसएस गोविंद अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
डिबेट प्रतियोगिता में विजेता बेटियों को लैपटॉप, साइकिल और स्कूटी देकर सम्मानित किया गया।
आयुषी गुप्ता, रागिनी, जहान्वी, तनिष्का, मोना, तनु और मनीषा को साइकिल, जबकि रिचा यादव और प्रतिज्ञा ने लैपटॉप तथा अंशिका और तुबा ने स्कूटी जीती। वहीं लकी ड्रा में रेनू राजपूत और दामिनी ने साइकिल तथा गुंजन ने स्कूटी अपने नाम की।
उपहार पाकर बेटियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनील ने किया। प्रतियोगिता में अमित कुमार, चित्रा परमार, श्वेता वार्ष्णेय और देवकांत कौशिक ने जज की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम आयोजक समाजसेवी उदय पुंढीर ने बताया कि यह कार्यक्रम पिछले करीब 14 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और भविष्य में भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बेटियों में सकारात्मक सोच का विकास होता है और इसका लाभ पूरे परिवार एवं समाज को मिलता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाली बेटियों के विचारों और प्रतिभा को विकसित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।










