हाथरस। निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा मूक पशुओं की सेवा के लिए शुरू की गई निरंतर सेवा यात्रा अपने 1600वें दिन में प्रवेश कर गई। इस विशेष अवसर पर संस्थान के सदस्यों ने अलीगढ़ रोड स्थित नवग्रह मंदिर की गौशाला पहुंचकर गायों की सेवा की।
संस्थान के सदस्य सुबह एकजुट होकर सब्जी मंडी पहुंचे, जहां से गायों के लिए ताजी हरी सब्जियां और मौसमी फलों की खरीदारी की गई। इसके बाद नवग्रह मंदिर की गौशाला पहुंचकर गायों को ताजी सब्जियां और फल खिलाए गए।
संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि मूक पशु अपनी जरूरतों को शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते। ऐसे में उनकी सेवा और देखभाल करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जीवदया और सेवा की भावना को आगे बढ़ाना ही संस्थान का उद्देश्य है।
वहीं, मूक पशु सेवा इंचार्ज सीए प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि मूक पशुओं की सेवा मानवता की सच्ची पहचान है। 1600 दिनों तक लगातार सेवा जारी रहना संस्थान के सदस्यों के समर्पण और सामूहिक सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि 1600वें दिन की यह उपलब्धि आगे भी निरंतर सेवा करते रहने के संकल्प का प्रतीक है। संस्थान भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ मूक पशुओं की सेवा जारी रखेगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सतेंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी, दीपांशु वार्ष्णेय, यश वार्ष्णेय, ओम प्रकाश वर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।










