हाथरस। सड़क सुरक्षा के तहत जनपद की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं व्यापारियों की समन्वय बैठक आगरा रोड स्थित अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता, जीएसटी विभाग के अधिकारियों सहित शहर के प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। आगामी दाऊजी मेले एवं त्योहारों के सीजन को देखते हुए ट्रैफिक प्लान का ड्राफ्ट तैयार कर संबंधित लोगों के साथ साझा किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य ऐसा यातायात प्लान तैयार करना है, जिससे शहर में आने वाले व्यापारी, ग्राहक और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा वे सुरक्षित और बेहतर अनुभव के साथ अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सुझावों को शामिल कर यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि व्यापारियों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाने पर चर्चा की गई है। इसका उद्देश्य आमजन को समय से और सुरक्षित रूप से अपने घरों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचाना है। इसमें व्यापारी बंधुओं और आमजन के सहयोग की आवश्यकता है।
बैठक में शहर के गणमान्य व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था को लेकर अपने-अपने सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। व्यापारियों ने शहर में जाम की समस्या दूर करने, यातायात को व्यवस्थित करने तथा आगामी दाऊजी मेले और त्योहारों के दौरान बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के सुझाव दिए। साथ ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने को लेकर भी सुझाव प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों ने व्यापारियों के सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।










