हाथरस। पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं पूरी करने वाले दो पुलिसकर्मियों को 31 अगस्त को सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में आयोजित सादे समारोह में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।
सेवानिवृत्त होने वालों में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस महाराज सिंह और मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस रामबरन शामिल रहे। दोनों पुलिसकर्मियों ने पुलिस विभाग में रहते हुए अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
समारोह के दौरान दोनों सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने विभाग में अपनी सेवाओं के दौरान के अनुभव साझा किए। पुलिस अधीक्षक ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि दोनों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय पुलिस विभाग को समर्पित किया और कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन किया।
एसपी ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को आश्वस्त किया कि भविष्य में पुलिस विभाग से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए वे बेझिझक उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद स्वयं को व्यस्त, स्वस्थ और प्रसन्न रखने की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को माल्यार्पण कर शॉल, रामायण और गीता भेंट की। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
समारोह में प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन मौजूद रहे।










