सिचाई खंड कार्यालय का डीएम अतुल वत्स ने किया निरीक्षण,अभिलेख दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

0
15

हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सोमवार को कार्यालय अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड हाथरस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीय कार्यों, अभिलेखों और विभिन्न अनुभागों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया, जिसमें सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित मिले। इसके बाद उन्होंने कैश अनुभाग में कैश संबंधी अभिलेखों, अनुबंध रजिस्टर और बजट रजिस्टर का निरीक्षण किया। अभिलेख और पत्रावलियां नियमानुसार व्यवस्थित मिलीं।

जिलाधिकारी ने जीपीएफ अनुभाग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के जीपीएफ भुगतान की प्रक्रिया समय से पूरी की जाए, ताकि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति की तिथि तक उनके देय लाभ मिल सकें।

डीएम ने अधिष्ठान अनुभाग में मूवमेंट रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य विकास अधिकारी और वरिष्ठ कोषाधिकारी ने भी अनुबंध रजिस्टर, पत्रावलियों और अन्य अभिलेखों का परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को विगत वर्ष की प्रथम पांच अनुबंध पत्रावलियां, उनके भुगतान संबंधी अभिलेख और अनुबंध रजिस्टर से संबंधित पत्रावली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्यालयों और उपखंडीय कार्यालयों में अभिलेख एवं पत्रावलियां नियमित रूप से अद्यतन, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से रखी जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here