सासनी क्षेत्र के जरैय गांव में एक शादी वाले घर में लाइट और झालर की सजावट कर रहे 23 साल के युवक की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में दुख का माहौल है और पूरे गांव में शोक फैल गया है।
गुरुवार शाम करीब 8 बजे मिली जानकारी के अनुसार, जरैय गांव के रहने वाले सुभाष के 23 वर्षीय बेटे विनीत का पेशा लाइट मैकेनिक का था। वह पड़ोस में रहने वाले अमर मोहम्मद की बेटी की शादी के लिए घर सजाने का काम कर रहा था।
सजावट का काम करते समय अचानक विनीत को तेज बिजली का करंट लगा और वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत बताया। डॉक्टरों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। परिजन डॉक्टरों की बात से सहमत नहीं हुए और उसे तुरंत अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। परिजनों ने देर रात करीब 11:30 बजे विनीत का अंतिम संस्कार किया।
इस अचानक हुए हादसे से परिजनों का बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि विनीत अविवाहित था और तीन भाइयों व एक बहन में दूसरे नंबर का था। जवान बेटे की मौत से परिवार सदमे में है और पूरे गांव में शोक है।










