वृध्दाश्रम में विधिक साक्षरता शिविर का किया गया आयोजन, अधिकारों औऱ योजनाओं की दी जानकारी

0
28

हाथरस। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से गुरुवार को वृद्धाश्रम, नगला भूस में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष विनय कुमार-तृतीय के आदेश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया।

पराविधिक स्वयं सेवक ओमप्रकाश सारस्वत ने वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन या अन्य किसी सरकारी योजना का लाभ लेने में परेशानी होने पर बुजुर्ग जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं। उनकी ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र को संबंधित कार्यालय तक पहुंचाकर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण से जुड़े कानूनों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि वरिष्ठ नागरिक अपने भरण-पोषण के लिए अपने बच्चों से सहायता प्राप्त करने का कानूनी अधिकार रखते हैं। साथ ही सरकारी अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बैंक और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बुजुर्गों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया गया।
वृद्धाश्रम की अधीक्षिका ने भी बुजुर्गों की सेवा और देखभाल को लेकर अपने विचार रखे। इस दौरान आश्रम का स्टाफ मौजूद रहा।

इसके अलावा ब्लॉक हसायन और सीमेक्स इंटर कॉलेज, सासनी में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां लोगों को बाल सेवा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के तहत पोषण के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रमों में 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत में मिलने वाली छूट और विभिन्न प्रकार के मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम में पीएलवी अजब सिंह, चित्र सिंह और साबह सिंह मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here