हाथरस। मथुरा–बरेली नेशनल हाईवे पर बीती देर रात हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मथुरा–बरेली मार्ग स्थित जवाहर टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी।
हादसे में 40 वर्षीय इकबाल पुत्र असलम, निवासी लक्ष्मी नगर थाना यमुनापार जनपद मथुरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी परवीन गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया है कि दंपती अलीगढ़ जनपद के भुकरावली स्थित ससुराल से अपने घर मथुरा लौट रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।







