हाथरस।आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने नगीना सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर पथराव की घटना का विरोध जताते हुए उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
पार्टी पदाधिकारियों का आरोप है कि 13 सितंबर को चंद्रशेखर आजाद गोंडा जा रहे थे। इसी दौरान बाराबंकी के रामनगर में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के नाम पर उनके काफिले का रूट बदला गया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने काफिले को रोककर पथराव किया।
कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि घटना के बाद सोशल मीडिया पर लगातार धमकियां दी जा रही हैं। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, पथराव करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो सत्ता पक्ष के मंत्रियों और नेताओं के कार्यक्रमों में काले झंडे दिखाकर विरोध किया जाएगा।










