हाथरस।नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में NPSS पब्लिक स्कूल पुरदिलनगर की छात्राओं ने संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की है।
स्कूल की 11 छात्राओं ने क्राउड फंडिंग के जरिए सहायता राशि जुटाई। छात्राएं इस राशि को नेपाल सरकार के आपदा राहत कोष में जमा कराने के लिए जिलाधिकारी हाथरस कार्यालय पहुंचीं और जिलाधिकारी अतुल वत्स को सहायता राशि का चेक सौंपा।
छोटी उम्र में छात्राओं की इस पहल की जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की पीड़ा को समझते हुए उनके सहयोग के लिए आगे आना सराहनीय कदम है। छात्राओं का यह प्रयास समाज के अन्य लोगों और बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक है।
जिला प्रशासन की ओर से छात्राओं के इस सराहनीय कार्य को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। सभी छात्राओं को ‘प्रशंसा पत्र’ (Certificate of Appreciation) प्रदान किया जाएगा। साथ ही उनके शैक्षणिक करियर में भी इस सामाजिक कार्य का उल्लेख किया जाएगा, जिससे अन्य विद्यार्थी भी सामाजिक सरोकारों से जुड़कर जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित हो सकें।
छात्राओं की इस पहल ने यह संदेश दिया है कि किसी आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए उम्र बाधा नहीं होती। इच्छाशक्ति और संवेदनशीलता के साथ किया गया छोटा सा प्रयास भी जरूरतमंदों के लिए बड़ी मदद बन सकता है।










