हाथरस। श्री दाऊजी महाराज के 115वें मेला महोत्सव में आयोजित अखिल भारतीय कुश्ती दंगल का भव्य शुभारंभ पूर्व सांसद एवं कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। दंगल संयोजक विपुल गौड़ ने मुख्य अतिथियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
शुभारंभ के दौरान बृजभूषण सिंह, सांसद अनूप प्रधान और विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती मुकाबलों की शुरुआत कराई और अपने सामने पहलवानों के दांव-पेंच देखे। इस दौरान उन्होंने कुश्ती दंगल की परंपरा और अखाड़े के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। दंगल में महिला पहलवानों के बीच भी मुकाबले कराए गए।
अखिल भारतीय कुश्ती दंगल डब्ल्यूएफआई के नियमों के तहत आयोजित किया गया, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक पहलवानों ने पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दाऊजी महाराज के अखाड़े में आयोजित कुश्ती मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक भी मौजूद रहे और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।










