हाथरस। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने भगवान श्री परशुराम जी की मूर्ति क्षतिग्रस्त करने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी अजय को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 15 और 16 सितंबर की रात अज्ञात व्यक्ति ने श्री परशुराम जी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया था। मामले में तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 सितंबर को अजय पुत्र वेद प्रकाश, निवासी दो कुआं, काली माता मंदिर के पास, लाला का नगला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 640 ग्राम अवैध गांजा भी बरामद हुआ है। गांजा बरामदगी के संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को मूर्ति क्षतिग्रस्त करने के मामले में अनावरित अभियोग में शामिल करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।










