सिकंदराराऊ।उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को तहसील सभागार सिकंदरा राव में राशन डीलरों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी संजय कुमार ने की। इस दौरान डोली शर्मा आपूर्ति निरीक्षक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. आर.के. वर्मा सहित क्षेत्र के समस्त राशन डीलर उपस्थित रहे।
बैठक में उप जिलाधिकारी संजय कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी राशन डीलर कार्डधारकों को पूर्ण मात्रा में राशन वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही SIR अभियान के अंतर्गत BLO के कार्य में पूर्ण सहयोग करें तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों को कार्ड के प्रति जागरूक करें।
उप जिलाधिकारी ने उपस्थिति रजिस्टर के माध्यम से अनुपस्थित राशन डीलरों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक के दौरान कुछ राशन डीलरों को मोबाइल फोन के प्रयोग को लेकर कड़ी हिदायत भी दी गई। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य न करने की स्थिति में संबंधित डीलर स्वयं जिम्मेदार होंगे।
बैठक में कचोरा के राशन डीलर कैलाश चंद द्वारा व्यक्तिगत लाभ न मिलने के कारण संबंधित कार्यों से इनकार करने तथा गंथरी शाहपुर की मंजू देवी द्वारा अनुपस्थित रहने के बाद दबाव बनाकर हाजिरी लगवाने का मामला सामने आया, जिस पर संबंधितों को नोटिस जारी किया गया।







