हाथरस के आपदा मित्रों ने केंद्रीय गृह मंत्री व सहकारिता मंत्री अमित शाह के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से की सहभागिता

0
5

 

हाथरस।जनपद हाथरस के आपदा मित्रों ने गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री भारत सरकार अमित शाह के साथ आयोजित “संवाद कार्यक्रम” में वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।
हाथरस, 27 जनवरी 2026 —
उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में विगत दिवस अपरान्ह 3 बजे, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में “आपदा मित्र स्वयंसेवकों के साथ संवाद” कार्यक्रम का आयोजन सुषमा स्वराज भवन, नई दिल्ली में किया गया।
इस महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में माननीय गृह मंत्री भारत सरकार द्वारा आपदा मित्र स्वयंसेवकों से सीधे संवाद किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिलाधिकारी कार्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में वर्चुअल माध्यम से देखा एवं सुना गया।

कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने आपदा की घड़ी में स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका और उनके अदम्य साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा मित्र समाज की अग्रिम पंक्ति के रक्षक हैं, जो विषम परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना पीड़ितों की सहायता करते हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस वर्चुअल सत्र में प्रभारी अधिकारी आपदा, श्री धर्मेंद्र सिंह एवं जिला आपदा विशेषज्ञ / जिला होमगार्ड कमांडेंट के नेतृत्व में जनपद के 74 प्रशिक्षण प्राप्त होमगार्ड आपदा मित्रों, अन्य स्वयंसेवकों एवं वॉलेंटियर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संवाद कार्यक्रम के दौरान सम्पूर्ण भारत में आपदा प्रबंधन की नवीन तकनीकों, भविष्य की चुनौतियों तथा जमीनी स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश भी प्रसारित किया गया।
जिला आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि शासन की इस पहल से आपदा मित्र स्वयंसेवकों का मनोबल बढ़ा है और वे भविष्य में किसी भी प्राकृतिक अथवा मानव जनित आपदा से निपटने के लिए पूर्णतः तत्पर हैं।
इस अवसर पर अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here