सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर के निकट शुक्रवार देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर जीटी रोड पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार 18 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे एटा की ओर से एक ट्रक अलीगढ़ की तरफ जा रहा था। हुसैनपुर के निकट चालक को नींद का झोंका आने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच पलट गया। हादसे में चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं, दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
ट्रक पलटने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी शिव कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और 1033 व हाइड्रा को बुलवाया। हाइड्रा की मदद से ट्रक को सीधा कर सड़क किनारे खड़ा कराया गया।
ट्रक हटने के बाद जीटी रोड पर यातायात पूरी तरह सुचारू हो गया। मौके पर फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है।










