हाथरस। दाऊजी महाराज के मेले की रौनक के बीच शुक्रवार को मेला प्रांगण उस समय और भी गुलजार हो उठा, जब श्री वार्ष्णेय नवयुवक संघ शिविर वर्ष-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। जैसे ही शिविर का फीता कटा, माहौल में उत्साह की लहर दौड़ गई और वार्ष्णेय समाज के लोगों ने गर्मजोशी के साथ कार्यक्रम का स्वागत किया। धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता की झलक भी पूरे आयोजन में दिखाई दी।
शिविर का शुभारंभ यश कुमार वार्ष्णेय (शंकर लाल संजीव कुमार, नमक वाले), पुष्कर कुमार वार्ष्णेय, नवनीत वार्ष्णेय एवं राहुल कुमार वार्ष्णेय (गुलुकोश वाले) ने किया। इस दौरान प्रमुख अतिथि के रूप में राजीव वार्ष्णेय (ठेकेदार) मौजूद रहे। वहीं मुकुल आनंद वार्ष्णेय (कातिब) ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह को विधिवत गरिमा प्रदान की।
शिविर के शुभारंभ के दौरान समाज के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कोई बधाई देता नजर आया तो कोई आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटा दिखाई दिया। मेले में पहुंचे लोगों के बीच भी शिविर आकर्षण का केंद्र बना रहा। वातावरण में भक्ति, उमंग और अपनत्व का ऐसा रंग घुला कि हर कोई आयोजन का हिस्सा बनता नजर आया।
श्री अक्रूर जी महाराज की शोभायात्रा ने बांधा समां
कार्यक्रम की कड़ी में गोविंद भगवान मंदिर, घंटाघर से दोपहर दो बजे शोभायात्रा निकाली गई। मुख्य बाजार से होती हुई शोभायात्रा मेला श्री दाऊजी महाराज के शिविर स्थल तक पहुंची। रास्तेभर धार्मिक उल्लास और समाज की सहभागिता ने मेले के माहौल में चार चांद लगा दिए।
श्री वार्ष्णेय नवयुवक संघ की ओर से आयोजित शिविर को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह नजर आया। आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की, ताकि मेले में वार्ष्णेय समाज की सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था की भव्य झलक देखने को मिले।
शिविर के भव्य शुभारंभ के साथ ही दाऊजी मेले में वार्ष्णेय समाज की गतिविधियों को लेकर उत्साह और बढ़ गया है। आने वाले दिनों में यहां होने वाले कार्यक्रमों को लेकर समाज के लोगों में खासा जोश है। जय दाऊजी महाराज के जयघोष और सामाजिक एकजुटता के बीच शुरू हुआ यह शिविर मेले की रौनक में नया रंग भरता नजर आया।










