हाथरस। हाथरस किला रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण, रेल लाइनों के विस्तार और नई रेल सेवाओं के संचालन को लेकर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने उत्तर-मध्य रेलवे के उप महाप्रबंधक अतुल मिश्र को मांग पत्र सौंपा।
उन्होंने कहा कि हाथरस प्रमुख व्यापारिक केंद्र होने के साथ ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। प्रसिद्ध लक्खी मेले में देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए स्टेशन का आधुनिक स्वरूप में कायाकल्प जरूरी है।
मांग पत्र में हाथरस किला से हाथरस जंक्शन, सासनी एवं न्यू सासनी तक रेल लाइनों के विस्तार तथा प्रस्तावित हाथरस किला-दिल्ली-श्रीनगर-जम्मू मेल का संचालन शुरू करने की मांग की गई।
साथ ही हाथरस किला-नई दिल्ली-रेवाड़ी-गूगामेड़ी पैसेंजर ट्रेन को कालिंदी एक्सप्रेस के खाली रैक से संचालित करने का सुझाव दिया गया। एचएडी ट्रेन के वापसी समय में बदलाव कर उसे रात नौ बजे तक हाथरस लाने की मांग भी की गई।
इसके अलावा हाथरस किला-दिल्ली-बारामूला मार्ग पर पार्सल ट्रेन चलाने और स्थानीय व्यापारियों के लिए पार्सल एवं लीज कोच की सुविधा शुरू करने की मांग रखी गई। पंडित आशीष शर्मा ने कहा कि इन सुविधाओं से यात्रियों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा तथा रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।










