हाथरस। श्री दाऊजी महाराज के 115वें मेले के मंदिर परिसर स्थित श्री वेद भगवान शिविर में मानव सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ गणपति गणेश, वेद भगवान और चारों वेदों के समक्ष सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र शर्मा, आचार्य वागीश कुमार शर्मा, आचार्य संतोष मुखिया जी और पंडित भगवती प्रसाद शर्मा मौजूद रहे।
सम्मेलन में आचार्य संतोष मुखिया जी ने भगवान हनुमान द्वारा ब्राह्मण का रूप धारण कर भगवान श्रीराम से भेंट करने और सुग्रीव से उनकी मित्रता कराने के प्रसंग का वर्णन किया। वहीं पंडित भगवती प्रसाद शर्मा ने भगवान श्रीराम की महिमा का सुंदर वर्णन किया।
आचार्य वागीश कुमार शर्मा ने हनुमान जी के लंका पहुंचने, माता सीता की खोज, अशोक वाटिका में भगवान श्रीराम की मुद्रिका माता सीता को सौंपने और रावण के दरबार में हनुमान जी के संवाद के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। इसके साथ ही लंका दहन और माता सीता की वस्तुस्थिति भगवान श्रीराम तक पहुंचाने के प्रसंग को भी विस्तार से प्रस्तुत किया गया।
सम्मेलन में अन्य भक्तजनों ने भी अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक और आध्यात्मिक संदेश दिए। कार्यक्रम में धीरेंद्र अग्निहोत्री, मनोज अग्निहोत्री, शैलेंद्र शर्मा, सचिन शर्मा, संतोष मुखिया जी, भगवती प्रसाद शर्मा, अतुल शर्मा, ओम शर्मा, राकेश उपाध्याय, रोहित शर्मा, विशाल शर्मा, शिवम भारद्वाज, युवा ब्राह्मण महासभा के सत्येंद्र स्वरूप शर्मा, बृजेश वशिष्ठ, पंडित गोविंद रावत, कालीचरण शर्मा सहित बड़ी संख्या में भक्तजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान श्री रामायण जी की आरती और श्री रामचंद्र कृपालु भज मन जैसे भजनों के साथ माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का संचालन इंजीनियर देवेंद्र स्वरूप शर्मा द्वारा व्यवस्थित रूप से किया गया।
अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भगवान श्रीरामचंद्र जी, वेद भगवान, दाऊजी महाराज और रेवती मैया के जयकारों के साथ-साथ हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व के कल्याण की कामना के साथ मानव सम्मेलन का समापन हुआ।










