हाथरस। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को गणपति बप्पा का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया गया। सुबह से ही शहर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष गूंजते रहे। गणेश चतुर्थी पर घरों में विराजमान किए गए गणपति बप्पा की 11 दिन तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विसर्जन के लिए शहर के विभिन्न इलाकों से श्रद्धालु डीजे, ढोल-नगाड़ों के साथ गणपति बप्पा को लेकर अलीगढ़ रोड स्थित नहर पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालु नाचते-गाते और जयघोष करते हुए नजर आए। श्रद्धा और उल्लास के साथ गणपति बप्पा का विसर्जन किया गया।
विसर्जन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और गणपति बप्पा से अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की।










