सासनी। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला जहरू में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सिलेंडर में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी विनोद कुमार पुत्र बनवारी लाल की माता जी का बुधवार को निधन हो गया था। इसी को लेकर शुक्रवार को कन्याओं को भोजन कराने के लिए घर में खाना तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं पत्रकार राहुल प्रकाश ने गांव के निकट स्थित भारत गैस एजेंसी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गैस एजेंसी के मालिक आग बुझाने के उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा होने से टल गया।










