जनपद हाथरस के मुरसान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शेरखा में पानी की टंकी को लेकर गंभीर समस्या सामने आई है। गांव के सभी ग्रामवासी इस समस्या से त्रस्त होकर एकजुट हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पीने के पानी की भारी किल्लत है और उन्हें मजबूरी में लगभग दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पानी की टंकी के निर्माण कार्य से पहले ही गांव का पक्का मार्ग उखाड़ दिया गया है, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ। सड़क उखड़ जाने के कारण राहगीरों और ग्रामवासियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जब इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से शिकायत की गई तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि जिला प्रशासन भी ग्रामवासियों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है।
पानी जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में गांव के लोग प्यासे तड़प रहे हैं। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो सभी ग्रामवासी एकजुट होकर जिला मुख्यालय पर उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।







