हाथरस।आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ करने की दिशा में जनपद हाथरस द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित आपदा मित्रों एवं स्वयंसेवकों के दल को आज जिलाधिकारी श्री अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर एस.डी.आर.एफ. प्रशिक्षण केंद्र, लखनऊ के लिए रवाना किया।
यह दल 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेगा, जिसमें कुल 50 आपदा मित्र शामिल हैं। यह प्रशिक्षण राज्य आपदा मोचन बल मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित आपदा मित्रों की टीम किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये युवा जनपद में आपदा जोखिम प्रबंधन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
गौरतलब है कि आपदा मित्र परियोजना के अंतर्गत जनपद हाथरस से पूर्व में 79 आपदा मित्रों को 12 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए लखनऊ भेजा जा चुका है। जनपद में कुल 100 आपदा मित्रों को प्रशिक्षित किया जाना है, जिनमें से शेष 21 आपदा मित्रों को आज राज्य आपदा मोचन बल मुख्यालय लखनऊ के लिए रवाना किया गया है।
जिला आपदा विशेषज्ञ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को आगजनी, बाढ़, आकाशीय विद्युत, सर्पदंश, भूकंप जैसी आपदाओं से निपटने के लिए प्राथमिक चिकित्सा, खोज एवं बचाव तथा राहत कार्यों की तकनीकी जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत आपदा मित्रों एवं स्वयंसेवकों को आपदा किट एवं बीमा पॉलिसी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), आपदा लिपिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







