हाथरस। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंगलवार को जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी प्रत्येक कार्य दिवस में अपने कार्यालयों में स्वयं जनसुनवाई करें और शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराने का प्रयास करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों पर केवल आदेश जारी करने की औपचारिकता न करें, बल्कि शिकायतों का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें। लंबे समय से लंबित मामलों में राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर प्रभावी कार्रवाई कराई जाए।

विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण के लिए एसडीएम और सीओ को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि विवादों का स्थायी समाधान हो सके।








