हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र की पॉस कॉलोनी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर बंद पड़े एक किराए के मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात, नगदी और कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना का खुलासा रविवार सुबह हुआ, जब मकान में रहने वाला परिवार ससुराल से वापस लौटा तो होश उड़ गए।

जानकारी के अनुसार, आशुतोष बंसल पुत्र हरिओम अग्रवाल, निवासी गणेश सिटी कॉलोनी कलवारी रोड, पिछले तीन वर्षों से मोहित महेश्वरी के मकान में किराए पर रह रहे हैं। शनिवार दोपहर वह अपने परिवार के साथ ससुराल गए थे। रविवार सुबह लौटने पर उन्होंने मकान के मुख्य दरवाजे पर दूसरा ताला लगा देखा, जिसके बाद उन्हें चोरी की आशंका हुई।
मकान में प्रवेश करते ही देखा गया कि सारा सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी टूटी मिली। जांच करने पर पता चला कि चोर सोने की अंगूठी, चेन, कंपनी के कुंडल, चांदी के जेवरात, करीब 80 हजार रुपए नकद और बच्चों की गुल्लक भी तोड़कर ले गए। हैरानी की बात यह रही कि बदमाश घर में रखे बच्चों के चिप्स और अन्य खाद्य पदार्थ भी खाकर आराम से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घर से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी में लाखों का नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
#hathras #crimenews







