कार्यक्रम के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से घर में लगी भीषण आग, महिला-बच्ची-बुजुर्ग झुलसे। …

0
38

 

हाथरस: जनपद के सिकंद्राराऊ कस्बे में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक घर में कार्यक्रम के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई। आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक महिला, एक बच्ची और एक बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिम में एक घर में पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान अचानक घरेलू गैस सिलेंडर से गैस लीक होने लगी। देखते ही देखते गैस ने आग पकड़ ली और रसोई से शुरू हुई लपटें पूरे घर में फैल गईं। मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय गैस एजेंसी से फायर एक्सटिंग्विशर मंगाए गए, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उनसे कोई असर नहीं हुआ। आग की लपटें लगातार बढ़ती जा रही थीं, जिससे घर के भीतर रखा सामान जलकर राख हो गया।

सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। टीम ने आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोका।

हादसे में घर की एक महिला, एक बच्ची और एक बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर और चूल्हे के आसपास सुरक्षा बरती जाए। सिलेंडर लीक की आशंका होने पर तुरंत गैस एजेंसी या आपातकालीन सेवा को सूचना दें और किसी भी तरह की आग जलाने से बचें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here