रील बनाने के शौक ने युवती को पहुंचा दिया अस्पताल, वीडियो शूट के दौरान युवती को सांप ने डसा…..

0
39

हाथरस: सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून एक बार फिर हादसे में बदल गया। हाथरस जनपद के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नौगवा में मंगलवार देर रात रील बना रही एक युवती को सांप ने डस लिया। समय रहते परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान फिलहाल सुरक्षित बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय रिया पुत्री सुभाष चंद्र, निवासी गांव नौगवा, मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे चांदनी रात में घर के बाहर खेत के पास फिल्मी गानों पर रील बना रही थी। इसी दौरान अचानक उसके पैर के पास से निकले एक सांप ने उसे डस लिया। सांप के डसते ही रिया चीख पड़ी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बदहवास हालत में तुरंत अस्पताल लेकर गए।

परिजनों ने सरकारी एंबुलेंस की मदद से युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सादाबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। लेकिन हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया।

सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि युवती को सांप के काटने की स्थिति में लाया गया था। उसे तुरंत एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन और आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया। परिजनों की सतर्कता और समय पर अस्पताल पहुंचाने की वजह से स्थिति नियंत्रण में है।

परिजनों के अनुसार, रिया सोशल मीडिया पर रील बनाने की शौकीन थी और अक्सर रात में खेतों या घर के बाहर वीडियो बनाकर अपलोड करती थी। इसी शौक के चलते मंगलवार को यह हादसा हो गया।

यह घटना एक बार फिर इस बात की याद दिलाती है कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की चाह में लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि रील या वीडियो शूट करते समय सुरक्षित स्थान और उचित समय का ध्यान रखना बेहद ज़रूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here