
हाथरस। समाजवादी पार्टी के रावत नगर, अलीगढ़ रोड स्थित जिला कार्यालय पर SIR कार्यक्रम की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति को लेकर एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुशवाहा ने की।
बैठक में मुख्य रूप से हाथरस एवं सासनी क्षेत्रों के ब्लॉक प्रभारियों के साथ पार्टी के BLO उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशों के अनुसार आगामी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक सक्रियता से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि SIR कार्यक्रम समाजवादी पार्टी के संगठनात्मक अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे गांव-गांव और शहर-शहर व्यापक गति से आगे बढ़ाना है।

जिला अध्यक्ष ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को बताया कि बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की चूक न हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में पहुंचकर जनसमस्याओं को उठाने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुँचाने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि समाजवादी सरकार के दौरान किए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाया जाए और मौजूदा परिस्थितियों में जनता जिन समस्याओं से जूझ रही है, उन्हें प्रभावी तरीके से उठाने की रणनीति बनाई जाए। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा दिए गए निर्देशों और संगठन को मजबूत करने के संदेश को सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बैठक में पार्टी की आगामी योजनाओं, कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक जाकर संगठन को सशक्त बनाने के लक्ष्य पर काम करने का आह्वान किया गया।







