हाथरस। रविवार को NEET-UG परीक्षा शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। जिले में बनाए गए तीन परीक्षा केंद्रों—सरस्वती इंटर कॉलेज, बागला डिग्री कॉलेज और अक्रूर इंटर कॉलेज—पर कुल 1139 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश से पहले सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया था, जबकि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या आपत्तिजनक सामग्री ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा।
पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई गई। प्रशासनिक अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहे, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारू और निष्पक्ष बनी रही। वहीं, परीक्षा समाप्त होने तक केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ बनी रही।









