चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस एक आरोपी को किया गिरफ्तार, चोरी किया हुआ सामान व नगदी बरामद

0
12

 

जनपद हाथरस के थाना सिकन्द्राराऊ क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी किए गए 03 पेंडल, 01 अंगूठी (पीली धातु) तथा 16,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02.05.2026 को वादिया श्रीमती सुनीता देवी पत्नी विजेन्द्र निवासी ग्राम गढ़ी धर्मी, थाना सिकन्द्राराऊ, जनपद हाथरस द्वारा थाना सिकन्द्राराऊ पर सूचना दी गई कि दिनांक 29.04.2026 को वह अपनी पुत्री के साथ पंत चौराहे से ई-रिक्शा द्वारा अपनी ननिहाल नगला विजन जा रही थीं। यात्रा के दौरान उनके बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए।

इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सिकन्द्राराऊ पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सिकन्द्राराऊ के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा घटना के अनावरण हेतु निरंतर प्रयास किए गए। ग्राउंड इंटेलिजेंस, तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

गिरफ्तार अभियुक्त ओमप्रकाश ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी पत्नी विमला देवी एवं ममेरे भाई राहुल के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। घटना के दिन तीनों मोटरसाइकिल से जलेसर से एक महिला का पीछा कर रहे थे। जब महिला जलेसर अड्डे पर उतरकर टिर्री (ई-रिक्शा) में बैठी, तो अभियुक्त की पत्नी और उसका साथी भी उसी वाहन में सवार हो गए। रास्ते में अभियुक्त की पत्नी ने महिला को बातचीत में उलझाकर उसके बैग की जेब काट ली और उसमें रखे आभूषण व नकदी चोरी कर ली।

पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here