हाथरस।9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सक्रिय हो गया है।
हाथरस में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
यह बैठक उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष विनय कुमार-तृतीय के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी प्रशान्त कुमार ने की, जबकि प्राधिकरण के प्रभारी सचिव जयहिन्द कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जारी किए गए सम्मन और नोटिस की प्रभावी तामीला को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अपर जिला मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए कि राजस्व सहित अन्य विभागों के अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक को न्यायालय से जारी सम्मन, नोटिस और आदेशों की समय पर तामीला कराने और उनकी रिपोर्ट संबंधित न्यायालयों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बैंकों से जुड़े प्री-लिटिगेशन और एनपीए मामलों को अधिक संख्या में लोक अदालत में लाने के निर्देश अग्रणी जिला प्रबंधक को दिए गए।
साथ ही विद्युत विभाग को भी प्री-लिटिगेशन और विद्युत अधिनियम से जुड़े मामलों को चिन्हित कर निस्तारण कराने को कहा गया।
प्रशासन का लक्ष्य है कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया जा सके, जिससे आम जनता को त्वरित न्याय मिल सके।









