सिकंद्राराऊ की भूतेश्वर कॉलोनी में सैकड़ों महिलाओं ने एकजुट होकर स्मार्ट मीटर के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि पहले लगे पारंपरिक बिजली मीटरों के तहत उनका बिल लगभग 800 से 1000 रुपये तक आता था, जिसे वे मेहनत-मजदूरी करके आसानी से भर देती थीं।
लेकिन, जैसे ही स्मार्ट मीटर लगाए गए, उनके बिजली बिल में अचानक भारी बढ़ोतरी हो गई है। महिलाओं का आरोप है कि अब उनका बिल 2000 से लेकर 5000 रुपये तक पहुंच रहा है, जो उनके लिए बेहद मुश्किल बन गया है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि वे पहले ही सीमित आय में अपने परिवार का गुजारा करती हैं, ऐसे में इतना ज्यादा बिजली बिल भरना उनके लिए किसी बोझ से कम नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटर उनके लिए राहत नहीं, बल्कि एक बड़ी समस्या बन गया है।
महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया और स्मार्ट मीटरों को बदला नहीं गया, तो वे मजबूर होकर उग्र प्रदर्शन करेंगी और सड़कों पर उतरकर मीटर हटाने का कदम भी उठा सकती हैं।









