हाथरस। शिक्षामित्र सम्मान समारोह एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण के उपलक्ष्य में सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज सीनियर विंग के ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, वीरेंद्र सिंह राणा, प्रदीप कुमार, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। उनके संबोधन का सीधा प्रसारण उपस्थित लोगों ने देखा। इस अवसर पर शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के डेमो चेक वितरित किए गए और उन्हें सम्मानित किया गया।
सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि शिक्षामित्रों के मानदेय को 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये करना सरकार का महत्वपूर्ण निर्णय है, जिससे उनके लंबे संघर्ष को सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्र शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव हैं और उनके योगदान से ही बच्चों का भविष्य संवर रहा है।
अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने संबोधन में शिक्षामित्रों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सरकार लगातार उनके हित में कार्य कर रही है और आगे भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अतिथियों और शिक्षामित्रों का आभार व्यक्त किया तथा इसे उनके समर्पण और सेवा भाव का सम्मान बताया। समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया।









