स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं ने किया प्रदर्शन,बिजली उपखंड कार्यालय का किया घेराव

0
18

 

हाथरस। जनपद के सासनी तहसील क्षेत्र में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। जयपुर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव सलेमपुर के विद्युत उपखंड (तृतीय) कार्यालय पर सोमवार को बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपभोक्ताओं ने पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में सलेमपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांव अजीतपुर, शेखूपुर और सलेमपुर सहित कई गांवों के लोग शामिल हुए। खासतौर पर महिलाओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ नाराजगी जताते हुए इसे हटाने की मांग की।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि जब से उनके घरों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से बिजली बिल में अचानक बढ़ोतरी हो गई है और मीटर के बैलेंस से लगातार पैसे कट रहे हैं। उनका कहना है कि सीमित आय वाले परिवारों के लिए रोजाना मीटर का बैलेंस देखना मुश्किल हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार बिजली आपूर्ति बंद रहने के बावजूद भी मीटर से पैसे कट रहे हैं, जिससे वे बिजली का उपयोग करने से भी डरने लगे हैं। महिलाओं ने बताया कि कम बिजली खपत के बावजूद उन्हें अधिक बिल का सामना करना पड़ रहा है।

उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए समस्या के जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने घरों से मीटर उखाड़कर बिजली घर पर जमा कर देंगे। साथ ही 20 दिन बाद बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने की भी घोषणा की गई।

इस दौरान कुछ महिलाएं अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़कर बिजली घर पहुंचीं और विरोध दर्ज कराया, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

वहीं, विद्युत उपखंड अधिकारी (तृतीय) ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और समाधान के लिए समय मांगा गया है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से निर्देश मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here