हाथरस में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (हरपाल गुट) के बैनर तले किसानों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि के कारण गेहूं, जौ, चना और मटर की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि करीब 50 प्रतिशत तक फसल बर्बाद हो गई है, जिसके चलते उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार से उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की गई।
इसके अलावा आलू उत्पादक किसानों की समस्या उठाते हुए उन्होंने कहा कि बाजार में उन्हें लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने सरकार से ₹500 प्रति क्विंटल सहायता राशि देने और ₹1000 प्रति क्विंटल की दर से आलू खरीद सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने कहा कि कई गांवों में पिछले 20-25 वर्षों से सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही हैं। साथ ही प्रीपेड स्मार्ट मीटरों का विरोध करते हुए पुराने मीटर वापस लगाने की मांग की गई। किसानों का आरोप है कि नए मीटरों से बिजली बिल में अनावश्यक बढ़ोतरी हो रही है।
इस मौके पर चौधरी हरपाल सिंह ने कहा कि किसानों की ये समस्याएं लंबे समय से अनदेखी की जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
किसानों ने सरकार से फसलों के लिए लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने हेतु ठोस कानून बनाने की भी मांग की है।









