हाथरस।जिलाधिकारी अतुल वत्स ने प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना को लेकर सोखना एवं ढकपुरा क्षेत्र में पूर्व में अधिग्रहीत भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ तैयार किए गए लेआउट प्लान का गहन अवलोकन किया तथा भूमि की वर्तमान स्थिति, उपयोगिता और उपलब्ध रिक्त क्षेत्र की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को भूमि से संबंधित समस्त पत्रावलियां एवं अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि प्रस्तावित योजना की अग्रिम कार्यवाही समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान तहसीलदार हाथरस ने जानकारी दी कि जनपद के नव निर्माण के समय वर्ष 2000 में सोखना एवं ढकपुरा क्षेत्र में लगभग 80 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की गई थी। वर्तमान में उक्त भूमि पर रिजर्व पुलिस लाइन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, वन विभाग, आरटीओ कार्यालय सहित विभिन्न शासकीय भवन निर्मित हैं। इसके अतिरिक्त कुछ भूमि अभी भी रिक्त उपलब्ध है, जिस पर शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगामी कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।









