हाथरस। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कोतवाली चंदपा में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त शिकायतों की मौके पर जांच कर निष्पक्ष, प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद, अवैध कब्जा और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करें, ताकि शिकायतों का शीघ्र समाधान हो सके। उन्होंने फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने के भी निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय एवं प्रभावी प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराना है।
इसके बाद डीएम और एसपी ने कोतवाली परिसर स्थित पुस्तकालय, महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर सहायता कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने पुस्तकालय की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा वहां अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों से बात कर पुस्तकालय के संचालन एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।









