सिकंदराराऊ नगर की भूतेश्वर कॉलोनी स्थित एक पार्क में सोमवार को विशाल क्षेत्रीय क्षत्रिय सम्मेलन एवं महाराणा प्रताप शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अलावा बाहरी जिलों से भी बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के लोगों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान क्षत्रिय बंधुओं को केसरिया पगड़ी पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं कई युवा कमर में तलवार बांधे और तलवार लहराते नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराणा प्रताप के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन में जयपाल सिंह चौहान, धर्मेंद्र जादौन, महेंद्र सिंह सोलंकी, निशांत चौहान, हरवीर सिंह, सोनू चौहान जिला पंचायत सदस्य, विवेकशील राघव तथा सभासद राकेश सेंगर प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आयोजक निशांत चौहान ने किया। उन्होंने आयोजन में पहुंचे सभी क्षत्रिय बंधुओं को केसरिया पगड़ी पहनाकर स्मृति चिन्ह प्रदान किए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और वीरता को याद किया। महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि महाराणा प्रताप जैसा वीर योद्धा इतिहास में दूसरा पैदा नहीं हुआ।
वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप की वीरता की गाथाएं आज भी लोगों को प्रेरित करती हैं। साथ ही समाज को शिक्षा की ओर विशेष ध्यान देने, सामाजिक कुरीतियों का त्याग करने और समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया गया।
इसके बाद फूलों से सजी बग्गी में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित कर विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में क्षत्रिय समाज के लोग हाथों में केसरिया पताकाएं लेकर शामिल हुए। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा बस स्टैंड, जीटी रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः भूतेश्वर कॉलोनी पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान संदीप जादौन, पुनीत चौहान, पंकज गुप्ता, विक्की राइडर, विशाल चौहान, विजय प्रताप सिंह, जितेंद्र पचौरी, विपिन लाल, ओमप्रकाश सिंह और बबलू सिसोदिया सहित अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।









