हाथरस। थाना सिकंद्राराऊ क्षेत्र के गांव जरीनपुर भुर्राका में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान एटा जनपद के गांव विक्रमपुर निवासी 42 वर्षीय निशा पत्नी गगन कुमार के रूप में हुई है। बताया गया है कि निशा की शादी करीब 18 वर्ष पूर्व जरीनपुर भुर्राका निवासी गगन कुमार से हुई थी, जो निजी विद्यालय में शिक्षक हैं। दंपति के दो बच्चे भी हैं।
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही निशा की तबीयत खराब रहती थी और वह मानसिक रूप से भी परेशान थीं। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उसकी बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे तथा उसका समुचित इलाज नहीं करा रहे थे। उनका आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते निशा की मौत हुई है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।









