सासनी सीएचसी में ई-रिक्शा दुर्घटना के बाद भिड़े दो पक्ष, अस्पताल परिसर में जमकर चले लात-घूंसे: वीडियो हुआ वायरल
हाथरस के सासनी कस्बे में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुरुवार को उस समय अखाड़ा बन गया, जब एक सड़क दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंचे दो पक्ष आपस में भिड़ गए। घटना की शुरुआत गांव नया नगला के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गोपाल नगर की रहने वाली राधा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए सासनी सीएचसी में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जब डॉक्टरों ने घायल महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया, तभी ट्रैक्टर चालक वहां समझौता करने या बातचीत के इरादे से पहुंच गया। अस्पताल परिसर में बातचीत के दौरान अचानक माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अस्पताल के भीतर ही दोनों तरफ से लात-घूंसे चलने लगे। इस हंगामे और मारपीट से अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों और उनके तीमारदारों में भगदड़ मच गई।
सीएचसी प्रभारी पंकज कुमार ने तत्काल इस घटना की सूचना सासनी कोतवाली पुलिस को दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही मारपीट कर रहे लोग मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर सरेआम कानून हाथ में लेते नजर आ रहे हैं। कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी ने बताया कि वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।









