हाथरस। थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के एटा रोड पर बीती देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार का पहिया अचानक निकल जाने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल जा रहे दो युवकों को टक्कर मारते हुए रॉन्ग साइड में पहुंच गया।
बताया गया है कि एटा की ओर जा रही स्कॉर्पियो कार का चलते समय अचानक एक पहिया निकल गया। इसके बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर सड़क किनारे पैदल जा रहे दो युवकों से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां धर्मेंद्र ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव नगला चीला पाली निवासी 30 वर्षीय धर्मेंद्र पुत्र रामवीर सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल सुनील कुमार भी उसी गांव का रहने वाला बताया गया है। दोनों युवक खेत में पानी लगाकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।









