हाथरस। नगर पालिका परिषद द्वारा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत शहर के आगरा रोड स्थित पुराने मिल कंपाउंड में एलईडी लाइटों का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी द्वारा किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष ने बताया कि प्रमुख बाजार क्षेत्र के वार्ड संख्या 29, 30, 31, 32 और 33 में उन विद्युत पोलों पर एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं, जहां अब तक रोशनी की व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने कहा कि ये सभी वार्ड नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में शामिल हैं, जहां दिनभर लोगों का आवागमन बना रहता है। रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण आमजन और व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने आगे बताया कि नगर के अन्य वार्डों में भी जहां पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं हैं, वहां नगर पालिका परिषद द्वारा लगभग 3000 नई एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं, जिससे पूरे शहर में बेहतर रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।
इस मौके पर व्यापारी नेता मनोज अग्रवाल राया वाले, अशोक कुमार गोला, बीना जैन, धीरज जैन, अनिल कुमार, नन्हे भैया, रामजीलाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।







